Published on: 08 May 2026
*आईजीयू में "प्राथमिक सहायता किट स्थापना कार्यक्रम” का आयोजन।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के समाज कार्य विभाग द्वारा “प्राथमिक सहायता किट स्थापना कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्येंद्र कुमार (सहायक प्रोफेसर) द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह ने कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह का पौधा भेंट कर के स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान समाज कार्य विभाग की ओर से यूथ रेड क्रॉस की समन्वयक प्रोफेसर समृद्धि तंवर को भी पौधा भेंट कर के स्वागत किया गया तथा समाज कार्य विभाग की सामाजिक गतिविधियों में निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए उनसे आग्रह किया गया। कार्यक्रम में समाज कार्य विभाग की छात्राओं संगीता, आरती एवं मनीषा के द्वारा समाज कार्य विभाग व अर्थशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों को संयुक्त रूप से प्राथमिक चिकित्सा का परामर्श दिया गया व चिकित्सा संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में डॉक्टर के पास पहुंचने से पूर्व घायल व्यक्ति को दी जाने वाली तत्काल सहायता को प्राथमिक सहायता कहा जाता है। इसके माध्यम से घायल व्यक्ति को प्रारंभिक उपचार देकर उसकी स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है। समाज कार्य विभाग के छात्रों ने प्राथमिक सहायता किट को अपनाया और हर महीने इसकी देखभाल करने की ज़िम्मेदारी ली। कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने अपने संबोधन में समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना एवं जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया। समाज कार्य विभाग की छात्रा संगीता ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने एवं सही दिशा प्रदान करने में समाज कार्य विभाग के अध्यापक डॉ. सत्येंद्र कुमार, सतीश कुमार एवं मनीषा की विशेष भागीदारी रही । इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सतीश कुमार, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. विकास बत्रा, डॉ. रितु कुमारी, राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार और अर्थशास्त्र विभाग के शोधार्थी एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।